Homeछत्तीसगढ़गौरेला के मंगली बाजार में चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम...

गौरेला के मंगली बाजार में चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह पर गौरेला पुलिस ने कार्रवाई की

IBN24 Desk: गौरेला (छत्तीसगढ़) गौरेला के मंगली बाजार में चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह पर गौरेला पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 121(1), 132, 221 और 333 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

पहला मामला ग्राम तेंदूमूड़ा निवासी कमला बाई सोनवानी का है। वह मंगली बाजार में सामान खरीदने गई थीं। शाम करीब 4 बजे वह मनिहारी की दुकान पर सामान देख रही थीं। इसी दौरान एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ वहां पहुंची और भीड़ का फायदा उठाकर कमला बाई के गले से करीब 8 हजार रुपए कीमत के दो सोने के लॉकेट झपटकर भाग गई।

रिपोर्ट कराने पहुंची तो थाने में ही मिली आरोपी

कमला बाई शिकायत दर्ज कराने गौरेला थाने पहुंचीं। इसी दौरान आरोपी महिला भी थाने में मौजूद थी। पुलिस ने उसकी पहचान संतोषी बंसल के रूप में की। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से कमला बाई के दोनों सोने के लॉकेट बरामद हो गए।

दूसरी महिला का पर्स झपटने की कोशिश

दूसरी घटना ज्योतिपुर निवासी कौशिल्या ध्रुर्वे के साथ हुई। शाम करीब 4:30 बजे वह डॉक्टर के क्लीनिक के सामने फल खरीद रही थीं। इसी दौरान संतोषी बंसल ने उनके कंधे पर टंगा गुलाबी रंग का पर्स झपट लिया और भागने लगी। पर्स में 1,550 रुपए रखे थे।

लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

पर्स झपटकर भाग रही महिला को आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद डायल-112 की मदद से उसे पुलिस के हवाले किया गया।

गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

दोनों महिलाओं की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संतोषी बंसल समेत गिरोह के कुल तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments