Tuesday, February 10, 2026
Homeछत्तीसगढ़अंतर्राज्यीय वनोपज जाँच नाका टेमरी में अवैध सागौन परिवहन करते हुए महिंद्रा...

अंतर्राज्यीय वनोपज जाँच नाका टेमरी में अवैध सागौन परिवहन करते हुए महिंद्रा पिकअप वाहन जब्त।

IBN24 Desk : महासमुंद (छत्तीसगढ़) महासमुंद वनमंडल में अवैध वनोपज परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे सघन गश्ती अभियान के अंतर्गत, वनमंडलाधिकारी मयंक पांडेय के कुशल मार्गदर्शन एवं उपवनमंडलाधिकारी गोविंद सिंह के नेतृत्व में आज दिनांक 09 फरवरी 2026 को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

इस कार्रवाई के दौरान महासमुंद वनमंडल के बागबहारा परिक्षेत्र अंतर्गत उड़ीसा सीमा पर स्थित अंतर्राज्यीय वनोपज जाँचनाका टेमरी में जाँच के दौरान अवैध रूप से सागौन का परिवहन करते हुए एक महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक RJ 19 H 5254 (राजस्थान पंजीकृत) को रोका गया।

वाहन चालक द्वारा प्रस्तुत ट्रांजिट पास आम की लकड़ी के परिवहन हेतु जारी पाया गया, जो कि फॉरेस्ट ऑफिसर, पेंड्रूथी सेक्शन, विशाखापट्टनम रेंज द्वारा निर्गत था। ट्रांजिट पास के अनुसार वाहन में आम चिरान 300 नग (3.12 घनमीटर) परिवहन किया जाना दर्शाया गया था।

संदेह के आधार पर वाहन की गहन जाँच करने पर यह पाया गया कि आम चिरान के नीचे 1.85 घनमीटर सागौन चिरान को योजनाबद्ध रूप से छिपाकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। यह कृत्य भारतीय वन अधिनियम, 1927 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है।

उक्त अवैध सागौन चिरान सहित वाहन को अंतर्राज्यीय वनोपज जाँचनाका टेमरी में विधिवत जब्त किया गया। इस संबंध में वन अपराध क्रमांक 22663/05 दिनांक 09.02.2026 पंजीबद्ध कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। अवैध सागौन परिवहन में प्रयुक्त वाहन को राजसात किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

इस सफल कार्रवाई में बागबहारा परिक्षेत्र अधिकारी  लोकनाथ ध्रुव, डिप्टी रेंजर  दुलार सिन्हा, फॉरेस्ट गार्ड खेमराज साहू सहित जाँचनाका टेमरी में पदस्थ कर्मचारियों की सतर्कता एवं तत्परता सराहनीय रही।

वन विभाग द्वारा अवैध वनोपज परिवहन के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं सतत कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!