IBN24 Desk : महासमुंद (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत ₹1.72 लाख करोड़ के ऐतिहासिक बजट का महासमुंद जिला एवं खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्वागत किया गया है। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट कृषि, अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं युवा विकास पर केंद्रित एक दूरदर्शी एवं जनहितैषी दस्तावेज के रूप में देखा जा रहा है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत ₹10,000 करोड़ का प्रावधान प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। कृषि पंपों हेतु ₹6,700 करोड़ की बिजली सब्सिडी, 5 नए कृषि महाविद्यालयों की स्थापना तथा सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से खल्लारी क्षेत्र में कृषि उत्पादन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि बागबाहरा कॉलेज के लिए भी इस बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
ग्रामीण विकास को बल देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नई सड़कों का निर्माण, नगरीय निकायों के विकास कार्यों एवं अधोसंरचना विस्तार के लिए विशेष राशि निर्धारित की गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ₹8,050 करोड़ के प्रावधान के साथ जिला अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार, नए चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में समग्र शिक्षा अभियान के माध्यम से विद्यालय भवनों का उन्नयन, डिजिटल शिक्षा का विस्तार एवं छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में रानी दुर्गावती योजना के अंतर्गत 18 वर्ष पूर्ण करने वाली बेटियों को ₹1.5 लाख की सहायता, स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन तथा पोषण योजनाओं के विस्तार का प्रावधान किया गया है।
युवाओं के लिए AI मिशन, स्टार्टअप मिशन, स्पोर्ट्स एक्सलेंस मिशन एवं कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही वीबीजीआर एवं अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए ₹40,000 करोड़ से अधिक का प्रावधान प्रदेश के समग्र विकास को नई ऊंचाई देगा।
श्री ठाकुर ने कहा कि यह बजट महासमुंद एवं खल्लारी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्रदान करेगा और सरकार की जनकल्याण सर्वोपरि की भावना को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाएंगे।
