IBN24 Desk : रायपुर (छत्तीसगढ़) राजधानी रायपुर में 1 करोड़ प्रति किलो बिकने वाला गांजा पकड़ाया है। हाईप्रोफाइल कस्टमर की डिमांड पर दिल्ली से कुरियर के जरिए यहां ‘ओशिएन ग्रोथ’ गांजे की सप्लाई हो रही थी। पुलिस को शक होने पर रेड मारकर कार्रवाई की। आरोपी दिल्ली का रहने वाला है, जो शंकर नगर में किराए के मकान से रह रहा था, यहां गांजा मंगवाकर बेचता था।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। आरोपी रितिक पसरिचा (26) कटोरा तालाब में एक ग्राहक को जैसे ही गांजा देने पहुंचा पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से 114 ग्राम ओजी गांजा मिला। ओशिएन ग्रोथ गांजे की मार्केट वैल्यू करोड़ों में है, यह समुद्री इलाके में पानी में उगता है।
पहले जानिए ओशियन ग्रोथ गांजा क्या है?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गांजा ओजी ग्रेड (ओशियन ग्रोथ) का है, यह हाइड्रोपोनिक है और इसे जमीन पर नहीं सिर्फ पानी में उगाया जा सकता है। इसमें मिट्टी का इस्तेमाल नहीं किया जाता। पानी में पोषक तत्वों के साथ यह उगता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए प्रति किलो तक है।
दिल्ली से कुरियर के जरिए होती थी सप्लाई
जानकारी के मुताबिक, रितिक पसरिचा (26) दिल्ली का रहने वाला है, वह बार सिंगर भी है। रायपुर में वह म्यूजिक एलबम बनाने के बहाने शंकर नगर स्थित अशोका हाईट्स में किराए के मकान में रह रहा था। दिल्ली से कुरियर के जरिए यहां गांजे की डिलवरी लेता था। सप्लायर कौन है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
रितिक शनिवार (11 अप्रैल) को कटोरा तालाब इलाके में ग्राहक को गांजा देने पहुंचा था। इसकी जानकारी पुलिस को मिली, तो उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके बैग की तलाशी में OG गांजा समेत, मोबाइल और सामान्य गांजा भी मिला है। सभी की कीमत 3.62 लाख है।
लंबे समय से था एक्टिव
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि, पिछले कई दिनों से वह रायपुर में गांजा बेच रहा था। जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा है। उसके साथियों और मददगारों की भी तलाश की जा रही है।
रायपुर में पहली बार पकड़ाया ओजी गांजा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रायपुर में ओजी गांजा पहली बार पकड़ाया है। इससे पहले इसकी जब्ती दुर्ग जिले में हुई थी। प्रदेश में ओजी गांजा सप्लाई करने वाले तस्करों पर यह दूसरी कार्रवाई है। इससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
