IBN24 Desk: रायगढ़ (छत्तीसगढ़) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में संचालित “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना रायगढ़ की टीम ने दुष्कर्म के एक आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी द्वारा विवाह का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने का मामला सामने आया था।
विवाह का भरोसा देकर बनाया संबंध, शादी से किया इंकार
मूलत: जशपुर जिले की 26 वर्षीय युवती चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में रह रही थी । युवती ने दिनांक 19 अप्रैल 2026 को महिला थाना रायगढ़ में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि जून वर्ष 2021 में एक अनजान मोबाइल नंबर से उसकी बातचीत आनंद सिंह नामक व्यक्ति से शुरू हुई थी। बातचीत और वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने उससे विवाह करने का आश्वासन दिया। युवती के अनुसार दिसंबर 2024 में आरोपी रायगढ़ आया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी आरोपी कई बार रायगढ़ आकर उसके साथ संबंध बनाता रहा।
दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर दर्ज कराया अपराध
पीड़िता ने बताया कि जब उसने आरोपी से विवाह करने की बात कही तो वह लगातार टालमटोल करने लगा और अंततः शादी करने से इंकार कर दिया। बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य युवती से विवाह करने की तैयारी कर रहा है। आवेदन के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुणे में पतासाजी कर आरोपी को दबोचा
प्रकरण दर्ज होने के बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना की विशेष टीम आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे रवाना हुई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया और रायगढ़ लेकर आई। पूछताछ में आरोपी आनंद कुमार सिंह पिता दयाशंकर सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी गड़ा गौतम, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम मारूजी, थाना हिजौड़ी, जिला पुणे (महाराष्ट्र) ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी और प्रकरण के सफल निराकरण में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, प्रधान आरक्षक संदीप भगत तथा आरक्षक राजू भगत (पुलिस लाइन) की विशेष भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस द्वारा “अभियान संवेदना” के तहत महिला अपराधों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिससे पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाया जा सके।
👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश —
“महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला अपराधों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
