Homeछत्तीसगढ़अवैध उर्वरक भंडारण के मामले में 3.87 टन यूरिया जब्त

अवैध उर्वरक भंडारण के मामले में 3.87 टन यूरिया जब्त

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) सक्ती जिले के किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कृषि विभाग की टीम ने ग्राम केसला में कार्रवाई करते हुए 3.87 टन (86 बोरी) यूरिया उर्वरक जब्त कर उसके विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी।
प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला एवं विकासखंड स्तरीय निगरानी दल ने विकासखंड सक्ती के ग्राम केसला में एक निजी भवन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां बड़ी मात्रा में उर्वरक भंडारित पाया गया। पड़ताल में यह उर्वरक मेसर्स मयंक ट्रेडर्स की प्रोपराइटर श्रीमती उमा राठौर द्वारा भंडारित कराया जाना पाया गया। कार्रवाई के समय फर्म प्रतिनिधि की मौजूदगी में उर्वरक जब्त कर उसे सुपुर्दगी में रखा गया।

कृषि विभाग के अनुसार जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमित भंडारण रोकने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अब तक सक्ती, डभरा और जैजैपुर विकासखंडों में ऐसे सात मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।

कृषि विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि यदि कहीं उर्वरकों की कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम कृषि कार्यालय को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments