Homeछत्तीसगढ़केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को रायपुर में आयोजित मीडिया...

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को रायपुर में आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में कहा कि कांग्रेस अपने छह दशक के शासन में गरीबी खत्म नहीं कर सकी, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को रायपुर में आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में कहा कि कांग्रेस अपने छह दशक के शासन में गरीबी खत्म नहीं कर सकी, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है।

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उसकी उपलब्धियां बताने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।

25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए: गिरिराज

गिरिराज सिंह ने कहा, “25 करोड़ लोगों को मोदी सरकार ने गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। कांग्रेस के दौर में ‘इंदिरा जी को लाएंगे, आधी रोटी खाएंगे, गरीबी को मिटाएंगे’ जैसे नारे लगाए जाते थे, लेकिन गरीबी खत्म नहीं हुई।प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबी के खिलाफ लड़ाई लड़ी और लोगों को उससे बाहर निकलने में मदद की। ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाएं गरीबों के जीवन को और बेहतर बनाने के लिए चलाई जा रही हैं।”

यूपीए सरकार में गरीबी समझने कलावती के घर गए थे राहुल

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वर्ष 2008 में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में किसान की विधवा कलावती बंडुरकर के घर जाने का जिक्र करते हुए कहा, “यूपीए सरकार के दौरान एक युवराज मीडिया को साथ लेकर कलावती के घर गरीबी समझने गए थे।

नरेंद्र मोदी गरीब परिवार में पैदा हुए और उन्होंने गरीबी को जिया है। युवराज ट्रक चालकों की जिंदगी समझने के लिए ट्रकों पर चढ़ते हैं, जबकि मोदी मजदूरों और कुलियों को चाय पिलाते थे। यही दोनों के बीच का अंतर है।”

22 राज्यों में हमारी सरकारें हैं

गिरिराज सिंह ने कहा कि पंचायतों से लेकर संसद तक बीजेपी ने जीत का शतक लगाया है, जबकि कांग्रेस हार का शतक बना चुकी है।

उन्होंने कहा, “देश के 22 राज्यों में हमारी सरकारें हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में विकास और विरासत दोनों के लिए काम किया है। जो लोग मोदी को गालियां देते हैं, उन्होंने सिर्फ चुनावी हार ही हासिल की है।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोगों से सीधे जुड़े हुए हैं और उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के सिद्धांत पर काम किया है।

विदेश नीति से बढ़ी भारत की वैश्विक पहचान

उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति की भी सराहना करते हुए कहा कि दुनिया के कई देश भारत के साथ अपने संबंध मजबूत करना चाहते हैं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

आर्थिक सुधारों का जिक्र करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि “वन नेशन, वन टैक्स” के तहत लागू किया गया जीएसटी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

उन्होंने कहा कि कर संग्रह लगभग 80 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर 2.42 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। भारत के साथ 22 देश भारतीय रुपये में व्यापार कर रहे हैं, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। मोदी सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय बजट 16 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 53.5 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

अर्थव्यवस्था 4.25 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंची

गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 4.25 ट्रिलियन डॉलर हो गया है।

महंगाई दर 5 फीसदी से नीचे आई

उन्होंने दावा किया कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) 18 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 83 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वहीं निर्यात भी 28 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 83 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जिससे आर्थिक विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि जो महंगाई दर कभी दो अंकों में रहती थी, वह मोदी सरकार के कार्यकाल में घटकर 5 प्रतिशत से नीचे आ गई है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments