IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी और कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की न्यायिक रिमांड बढ़ा दी गई है। कोर्ट ने उन्हें 5 अगस्त तक न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने का आदेश दिया है।
शनिवार (25 जुलाई) को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई सीनियर नेता कोर्ट पहुंचे। जहां उन्होंने रामगोपाल अग्रवाल के जेल भेजे जाने से पहले उनसे मुलाकात की। इस दौरान भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि पार्टी को बदनाम करने के लिए एजेंसियों का उपयेग किया जा रहा है।
बता दें कि रामगोपाल अग्रवाल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रहे हैं। करीब तीन साल तक फरार रहे। 8 जुलाई को उन्होंने EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था, जिसके बाद EOW ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
रामगोपाल अग्रवाल पर क्या हैं आरोप
EOW के मुताबिक, आरोप है कि शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों को ठिकाने लगाने में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका थी। इसी वजह से एजेंसी ने आगे की पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा है।
8 जुलाई को किया था सरेंडर
कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन साल तक फरार रहे। 8 जुलाई को उन्होंने EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 9 जुलाई को 17 जुलाई तक की पुलिस रिमांड मंजूर की गई थी। रिमांड अवधि पूरी होने पर उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया गया और अब 5 अगस्त तक EOW की कस्टडी में भेज दिया गया है।
