Homeछत्तीसगढ़सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-43 (अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग) पर राधापुर बैरियर के...

सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-43 (अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग) पर राधापुर बैरियर के पास मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया

IBN24 Desk: सरगुजा  (छत्तीसगढ़) सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-43 (अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग) पर राधापुर बैरियर के पास मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम उलकिया निवासी संजीव पैकरा (23), पिता फीरन राम पैकरा, मंगलवार रात अपने दोस्तों से मिलने बाइक से ग्राम राधापुर गया था। रात करीब 9 बजे घर लौटते समय राधापुर बैरियर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि संजीव बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने संजीव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीतापुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय उसने हेलमेट नहीं पहना था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments