Homeछत्तीसगढ़कोरबा वन विभाग ने अवैध सागौन कटाई और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई...

कोरबा वन विभाग ने अवैध सागौन कटाई और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 26 नग सागौन के लट्ठे जब्त किए

IBN24 Desk:कोरबा  (छत्तीसगढ़)  कोरबा वन विभाग ने अवैध सागौन कटाई और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 26 नग सागौन के लट्ठे जब्त किए हैं। वन विभाग की टीम ने रात्रि गश्ती के दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर तलाशी ली, जिसमें करीब 2 घन मीटर सागौन लकड़ी लदी मिली। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपए बताई गई है।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत भुलसीडीह क्षेत्र के जंगल से सागौन की अवैध कटाई कर उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के बीच वन मार्ग पर विशेष रात्रि गश्ती शुरू की।

गश्ती के दौरान जंगल की ओर से आ रहे बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG-13 AY 1202 को वनकर्मियों ने रोककर जांच की। तलाशी लेने पर वाहन में 26 नग सागौन के लट्ठे मिले। चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद वन विभाग ने वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत वाहन और सागौन की लकड़ी दोनों जब्त कर लीं। मामले में वन अपराध प्रकरण पीओआर क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेंद्र कुमार उपाध्याय के आदेश और उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया एवं दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरबा डेंधजय शर्मा ने किया।

टीम में परिक्षेत्र सहायक यशमल आदिल, परिसर रक्षक गुरुवंद कुंजे, अर्जुन सिंह कंवर, बलराम राठिया समेत अन्य वनकर्मी शामिल रहे।

अवैध कटाई के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

वन विभाग ने कहा है कि जिले में वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाकर वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments