IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ उनके परिवार और बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। गरियाबंद जिले छुरा विकासखंड अंतर्गत रावणभाठा निवासी श्रीमती मीना बाई साहू भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपने परिवार के भविष्य को संवारने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मीना बाई साहू ने बताया कि वे बिहान स्व-सहायता समूह से जुड़कर आजीविका गतिविधियों से भी निरंतर जुड़ी हुई हैं। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली 1,000 रूपए की मासिक राशि को वे अपनी बेटी प्रीति साहू के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रही हैं। उनका कहना है कि छोटी-छोटी बचत आज उनकी बेटी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन रही है।
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त अगस्त माह में ही जारी होने पर खुशी व्यक्त करते हुए मीना बाई साहू ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले राशि जारी करना प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए ‘विष्णु भैया’ की ओर से रक्षाबंधन का उपहार है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने में भी सहायक बन रही है।
मीना बाई की कहानी यह दर्शाती है कि महतारी वंदन योजना की राशि केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेटियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए निवेश का आधार भी बन रही है।
