Homeछत्तीसगढ़घर बैठे ‘तुंहर टोकन’ से आसान हुई धान बिक्री, रामपुर केंद्र में...

घर बैठे ‘तुंहर टोकन’ से आसान हुई धान बिक्री, रामपुर केंद्र में 826 किसानों को मिल रहा लाभ

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) किसानों को उनकी मेहनत और उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही धान विक्रय की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शासन की इन किसान हितैषी पहलों का सकारात्मक असर धान खरीदी केंद्रों में देखने को मिल रहा है। अब किसानों को धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने के उद्देश्य से बार-बार उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि वे घर बैठे मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर अपनी सुविधानुसार धान बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं।

इसी कड़ी में जिले के रामपुर धान खरीदी केंद्र में धान उपार्जन कार्य का शुभारंभ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर किसानों में अपनी उपज बिक्री को लेकर उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। आदिमजाति सेवा सहकारी समिति केंद्र रामपुर के माध्यम से क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों के कुल 826 पंजीकृत किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिल रही है। इनमें रामपुर, चिताबहार, सरईटिकारा, नावांबांध, पोड़ी, हरिहरपुर और परसोडी ग्राम पंचायत शामिल हैं।

‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मिल रही सुविधा

धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सरल और किसान अनुकूल बनाने के लिए शासन द्वारा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस डिजिटल पहल के माध्यम से किसान अपने मोबाइल फोन से ही घर बैठे धान बिक्री के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें टोकन कटवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने और बार-बार खरीदी केंद्र आने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों का समय और श्रम दोनों बच रहा है। साथ ही वे निर्धारित तिथि पर अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे धान खरीदी की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिल रही है। केंद्र में बारदाने की उपलब्धता और सुव्यवस्थित तौलाई जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को उपज विक्रय करने में सहूलियत हो रही है।

बेटे ने मोबाइल से काटा टोकन, 22 क्विंटल धान बेचने पहुंचे भुवनेश्वर राम

ग्राम रामपुर निवासी किसान भुवनेश्वर राम राजवाड़े ने शासन की ऑनलाइन टोकन सुविधा की सराहना करते हुए बताया कि उनके पास लगभग सवा एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने घर बैठे मोबाइल के माध्यम से धान बिक्री का ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया, जिससे उन्हें काफी सुविधा हुई। इसके बाद वे निर्धारित समय पर 22 क्विंटल धान लेकर रामपुर खरीदी केंद्र पहुंचे।

भुवनेश्वर राम ने बताया कि खरीदी केंद्र में धान विक्रय की व्यवस्था अच्छी है। धान की तौलाई सहित अन्य प्रक्रियाएं व्यवस्थित ढंग से हो रही हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से किसानों को आर्थिक संबल मिलता है और खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक कार्यों को पूरा करने में मदद मिलती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा देना शासन की सराहनीय पहल है। इससे किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है।

भतीजे के मोबाइल से टोकन लेकर धान बेचने पहुंचे इतबल राम

ग्राम पोड़ी खुर्द निवासी किसान इतबल राम भी ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से मिली सुविधा से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने अपने भतीजे के मोबाइल से घर बैठे ही 20 क्विंटल धान बिक्री का ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया। उनके पास कुल 64 क्विंटल धान का रकबा है।

इतबल राम ने बताया कि खरीदी केंद्र में बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता है और धान की तौलाई भी व्यवस्थित तरीके से की जा रही है। केंद्र में उन्हें धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किसानों के लिए बड़ी राहत है। इससे खेती-किसानी के कार्यों को आगे बढ़ाने और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments