Homeछत्तीसगढ़32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान...

32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य शुभारंभ

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और अभिनव विचारों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक श्री ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सच्चिदानंद शुक्ल एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक श्री प्रशांत कविश्वर शामिल हुए।

वैज्ञानिक खोजों की बुनियाद है मौलिक विज्ञान – श्री ओ.पी. व्यास
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आईआईआईटी के कुलपति श्री ओ.पी. व्यास ने बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए अपने शैक्षणिक एवं शोध अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में होने वाले नए अनुसंधानों और आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। वैज्ञानिक प्रगति के लिए जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में एआई की सहायता से विभिन्न प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करना सरल हो गया है, लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण है सही, सार्थक और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना। बेहतर प्रश्न ही बेहतर समाधान और नई वैज्ञानिक खोजों का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को नई तकनीकों का रचनात्मक उपयोग करने तथा अपनी जिज्ञासा और मौलिक सोच को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

बच्चों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी – श्री शुक्ल
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता और विभिन्न विषयों को समझने की अद्भुत क्षमता होती है। विशेष रूप से 10 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में बहुमुखी विचार और नवाचार की व्यापक संभावनाएं होती हैं। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे प्रत्येक विद्यार्थी को अपने बच्चे की तरह समझें, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करें और उन्हें स्वतंत्र रूप से सोचने तथा नए प्रयोग करने के अवसर प्रदान करें। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित आइडियाथॉन का उल्लेख करते हुए बाल वैज्ञानिकों को इसके अवलोकन के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के नए विचारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करें अपनी शोध परियोजनाएं – श्री प्रशांत कविश्वर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक श्री प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी शोध परियोजनाओं को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और उनके समाधान खोजने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments