IBN24 Desk : रायपुर (छत्तीसगढ़) कोरबा जिले के बाँकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक टायर गोदाम में भीषण आग लग गई। यह घटना सुतर्रा कटघोरा मुख्य मार्ग पर तरुण पियूष दुकान के सामने स्थित गोदाम में हुई। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार और लपटें दिखाई दे रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली। यह चिंगारी गोदाम में रखे टायरों तक पहुँच गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। आग लगने के कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई।
गोदाम में लाखों रुपये का सामान जल कर खाक
पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुँचकर भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग के कारण मुख्य मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों ओर भीड़ जमा हो गई।
ट्रांसफार्मर की स्थिति पहले से ही खराब:आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर की स्थिति पहले से ही खराब थी। उनका आरोप है कि अधिक लोड के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लगी। लोगों ने विद्युत विभाग से जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदलने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है
