IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के किसानों की समृद्धि और कृषि कार्यों को सुगम बनाने के निरंतर प्रयासों के तहत सारंगगढ़ जिले में खरीफ सीजन के लिए खाद और बीज की पुख्ता व्यवस्था कर ली गई है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग की मुस्तैदी के चलते जिले में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है, जिससे आगामी सीजन में किसानों को किसी भी प्रकार की किल्लत या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। शासन की इस त्वरित और सुव्यवस्थित नीति से स्थानीय किसानों में भारी उत्साह और संतोष का माहौल है।
गुणवत्ता पर विशेष नजर: प्रयोगशाला भेजे गए नमूने
किसानों को केवल पर्याप्त ही नहीं, बल्कि उच्च गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी और सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उर्वरकों और बीजों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए रासायनिक खाद के 30 नमूने और विभिन्न बीजों के 66 नमूने कड़े परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। शासन की इस कड़ाई से नकली या अमानक कृषि सामग्रियों की बिक्री पर पूरी तरह लगाम लग गई है।
खाद और बीज का मजबूत बैकअप
जिले के सहकारी और निजी विक्रय केंद्रों में मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में कृषि सामग्रियों का अग्रिम भंडारण किया जा चुका है। वर्तमान में जिले में अब तक कुल 27 हज़ार 344 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण किया जा चुका है, जिसमें से 15 हजार 682 मीट्रिक टन का सुचारू वितरण किसानों को किया जा चुका है। वर्तमान में 16122.725 मीट्रिक टन खाद का सुरक्षित स्टॉक मौजूद है। इसी तरह किसानों को उन्नत फसल के लिए अब तक 11,366.60 क्विंटल उच्च गुणवत्ता वाले बीज बांटे जा चुके हैं, जबकि 26,154.60 क्विंटल बीज का बंपर स्टॉक वितरण के लिए केंद्रों में उपलब्ध है।
