Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 सगे भाई-बहनों समेत...

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 सगे भाई-बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई

IBN24 Desk:राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 सगे भाई-बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को भाई-बहन त्योहार की शॉपिंग करने छुरिया गए थे। शाम को बाइक से अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे, तभी शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे खेत में पलट गई। स्कॉर्पियो सवार एक बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। मामला छुरिया थाना क्षेत्र का है। मृतकों में दोनों बहनें शादीशुदा थीं, त्योहार मनाने घर आई हुई थी, भाई उन्हें शॉपिंग कराने लेकर गया था। पुलिस के मुताबिक, हादसे की वजह अंधेरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है।

तीनों मृतक गहिराभेड़ी के रहने वाले थे

  1. संदीप साहू (19)
  2. भारती साहू (भूपेश्वरी) (23)
  3. टिकेश्वरी साहू (डीकेश्वरी) (25)
  4. कमल बंजारे (65) भोलापुर निवासी, स्कॉर्पियों सवार

शॉपिंग के बाद घर लौट रहे थे तीनों

जानकारी के अनुसार, ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19) खेती की काम देखता था। भारती (भूपेश्वरी) और टिकेश्वरी (डीकेश्वरी) दोनों बहनें शादीशुदा थी। त्योहार में घर आई हुई थी। 1 सितंबर को तीनों त्योहार की खरीदारी करने छुरिया गए हुए थे। शाम को बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे।

इस दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो भोलापुर से छुरिया जा रही थी। शाम करीब 7 बजे नहर के पास स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों उछल कर दूर जा गिरे। हादसे में संदीप और उसकी एक बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बहन टिकेश्वरी गंभीर रूप से घायल थी।

इलाज के दौरान तीसरे ने भी दम तोड़ा

राहगीरों की सूचना पर ‘डायल 112’ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने टिकेश्वरी को तुरंत छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान टिकेश्वरी ने भी दम तोड़ दिया।

स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग की मौत

हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आई हैं, इनमें एक बुजुर्ग का बीपी लो था, जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पूरे गांव में शोक का माहौल

इस घटना से ग्राम गहिराभेड़ी में मातम पसर गया है। एक साथ तीन भाई-बहनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़े। खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments