Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को बारिश के बीच खेले गए दो...

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को बारिश के बीच खेले गए दो मुकाबलों में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा, जबकि बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़)छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को बारिश के बीच खेले गए दो मुकाबलों में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा, जबकि बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। नाइट्स के केतन और टाइटन्स के मोहित नायक ने गोल किए। वहीं बुल्स की ओर से राहुल यादव ने निर्णायक गोल दागा। ड्रॉ के बाद मैनपाट टाइटन्स को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अगले मैच का इंतजार करना होगा। दूसरी ओर बैलाडिला बुल्स ने सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रखीं, जबकि राजधानी रॉयल्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई। न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच पहला मुकाबला डिफेंस के नाम रहा। दोनों टीमों ने शुरुआती मिनटों से ही विरोधी फॉरवर्ड खिलाड़ियों को गोल करने के मौके नहीं दिए। पहले क्वार्टर में दोनों ओर से हमले हुए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। बारिश के कारण मैदान गीला होने से खिलाड़ियों को गेंद पर नियंत्रण बनाने में भी परेशानी हुई।

दूसरे क्वार्टर के आखिरी हिस्से में न्यायधानी नाइट्स ने बढ़त हासिल की। केतन ने रिबाउंड पर मिली गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचाकर टीम का खाता खोला। यह टूर्नामेंट में उनका छठा गोल रहा। हाफ टाइम तक नाइट्स 1-0 से आगे थी।

तीसरे क्वार्टर में भी नाइट्स का डिफेंस मजबूत रहा। टीम ने मैनपाट के हमलों को रोककर बढ़त बनाए रखी। हालांकि, चौथे क्वार्टर में टाइटन्स ने वापसी के लिए आक्रमण तेज कर दिया और ज्यादा खिलाड़ियों को आगे लगाया। इसका फायदा मिला और मोहित नायक ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी और मुकाबला ड्रॉ रहा।

केतन को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और मोहित नायक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैनपाट टाइटन्स के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में सेमीफाइनल में जगह पक्की करने का मौका होगा। न्यायधानी नाइट्स पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments