IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) तूफान ‘अर्नब’ का असर आज से कम होने लगेगा। इसका बचा हुआ हिस्सा कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में बदल चुका है और उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अगले 24 घंटे में इसके उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर और कमजोर होने की संभावना है। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होंगी। हालांकि, रायगढ़ समेत कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है।
बेमेतरा जिले में तूफान के असर से दो दिन से हो रही बारिश में कटाई के लिए तैयार धान भीग रहा है और कई जगह फसल गिर गई है। किसान ओम वर्मा के मुताबिक, उनकी 25 से 30% फसल खराब हो चुकी है।
बारिश जारी रही तो नुकसान 50% तक पहुंच सकता है। खेतों में पानी भरने और नमी से दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का खतरा है। किसानों ने सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है।वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लगातार बारिश के बाद शुक्रवार सुबह कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कम विजिबिलिटी के कारण सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए और चालकों को परेशानी हुई।
