Homeछत्तीसगढ़उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 2.32 करोड़ के कार्यों का किया...

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 2.32 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत में दो करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपए के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने इस मौके पर मारो में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और हाट-बाजार के लिए एक-एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने जल आपूर्ति सुविधाओं के विस्तार के लिए भी 30 करोड़ रुपए की घोषणा की। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयालदास बघेल और विधायक श्री ईश्वर साहू भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन एवं लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मारो में कुल दो करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन और एक कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक-3 में 75 लाख 20 हजार रुपए के डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन, 29 लाख 67 हजार रुपए के मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, वार्ड क्रमांक-12 में 48 लाख 71 हजार रुपए के देवराहा तालाब के मुक्तिधाम उन्नयन तथा नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में 67 लाख 21 हजार रुपए लागत के 12 सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। श्री साव ने विकासखंड नवागढ़ के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में 11 लाख रुपए से निर्मित रंगमंच एवं भवन का लोकार्पण किया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नगरों का सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और बाजार जैसी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। मारो नगर पंचायत में भी विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नगर पंचायत मारो में विभिन्न निर्माण कार्यों से नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। विधायक श्री ईश्वर साहू ने कहा कि मारो सहित पूरे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आज हुए भूमिपूजन, लोकार्पण और नए विकास कार्यों की घोषणा से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी। इन कार्यों से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडेय, बेमेतरा जिला पंचायत की सभापति श्रीमती अंजू बघेल, कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाईं और श्री अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी कार्यक्रम में मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments