Homeछत्तीसगढ़कोरबा में रविवार दोपहर चर्च में जमकर हंगामा हो गया

कोरबा में रविवार दोपहर चर्च में जमकर हंगामा हो गया

IBN24 Desk: कोरबा(छत्तीसगढ़) कोरबा में रविवार दोपहर चर्च में जमकर हंगामा हो गया। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों पर चर्च में घुसकर महिलाओं से विवाद करने और एक युवक की पिटाई करने का आरोप है। घटना के बाद मसीही समुदाय के लोगों ने कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। यह मामला रजगामार चौकी क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग चर्च के अंदर घुस गए और वहां मौजूद महिलाओं से विवाद करने लगे। विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद मसीही समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया।

वहीं, हिंदू संगठन के लोगों का आरोप है कि चर्च में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उनका कहना है कि पहले भी इसका विरोध किया गया था, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

मसीही समुदाय ने किया कोरबा-रजगामार मार्ग जाम

घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोग सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। काफी देर तक जाम रहने से सड़क पर आवागमन बाधित रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने चक्काजाम खत्म कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

बता दें कि कुछ दिन पहले भी रजगामार में धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर विवाद हुआ था। उस समय भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई की थी, इसके बावजूद एक बार फिर विवाद सामने आया है।

इस मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments