Homeछत्तीसगढ़जशपुर जिले में दीपावली के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने...

जशपुर जिले में दीपावली के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जशपुर पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों और बार-बार विवाद की शिकायतों पर कार्रवाई की

IBN24 Desk: जशपुर (छत्तीसगढ़) जशपुर जिले में दीपावली के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जशपुर पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों और बार-बार विवाद की शिकायतों पर कार्रवाई की है। पत्थलगांव पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष पेश किया। वहां से सभी को जेल भेजने के आदेश दिए गए।

पुलिस के मुताबिक, पत्थलगांव क्षेत्र के कुछ लोगों के खिलाफ बार-बार लड़ाई-झगड़ा करने, शांति व्यवस्था प्रभावित करने और कथित रूप से मादक पदार्थों की बिक्री जैसी गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें मिली थीं। इन लोगों के खिलाफ पहले भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी थी। दोबारा विवाद होने और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत की गई। पुलिस ने सभी छह लोगों को एसडीएम पत्थलगांव के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए।

कार्रवाई की सूची में ये नाम शामिल

पत्थलगांव पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की सूची में शामिल छह लोगों के नाम इस प्रकार हैं-

  • फकीर यादव (34) – निवासी तमता, बथान पारा
  • शिव कुमार पोर्ते (44) – निवासी खरकाता, बेल पारा
  • सिराज हुसैन (26) – निवासी मदनपुर इंजको।
  • जगदीश वैष्णव (34) – निवासी तमता
  • संतोष नामदेव उर्फ बांगड़ा (28) – निवासी प्रेमनगर
  • सालिक तिर्की (55) – निवासी प्रेमनगर

पुलिस के अनुसार, सभी पत्थलगांव थाना क्षेत्र, जिला जशपुर के निवासी हैं।

एसएसपी के निर्देश पर बढ़ाई निगरानी

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, जिनसे विवाद होने या सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है। संभावित विवादों की जानकारी जुटाने और समय रहते वैधानिक कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, दीपावली पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जशपुर पुलिस सतर्क है। असामाजिक तत्वों और विवाद करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी। नागरिक शांति और सौहार्द के साथ दीपावली मनाएं तथा पुलिस का सहयोग करें।

नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील

जशपुर पुलिस ने नागरिकों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों को लड़ाई-झगड़े, हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी है।

साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नजदीकी थाने अथवा पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी तथा नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments