Homeछत्तीसगढ़नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का...

नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : मुख्यमंत्री साय

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नर्सिंग केवल नौकरी या रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल, उनके उपचार और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूर्ण हो चुका है। विशेष बात यह है कि यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के पावन अवसर पर बेटियों को मिली नई सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण पर्वों के कारण विशेष और पावन है। आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छठ महापर्व की भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह महान पर्व आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना अत्यंत सुखद और सौभाग्य का विषय है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना और संचालन में योगदान देने वाले पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान उनके सपनों को साकार करने और जीवन में आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments