Homeछत्तीसगढ़सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को लेकर चिंता...

सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई

IBN24 Desk: सरगुजा (छत्तीसगढ़) सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लक्ष्मणगढ़ के जंगल में करंट लगने से एक मादा हथिनी की मौत हो गई।

वहीं, उसके साथ लापता हुए दूसरे हाथी की तलाश वन विभाग की टीम खोजी कुत्तों की मदद से कर रही है। जंगल में शिकार के लिए बिछाए गए जीआई तार भी जब्त किए गए हैं। वन विभाग करंट फैलाने वालों की तलाश में जुटा है।

जानकारी के मुताबिक, करमकटरा जंगल में करीब चार महीने से 27 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। बाद में यह दल दो समूहों में बंट गया। करीब एक सप्ताह पहले 14 हाथियों का एक दल इस क्षेत्र में देखा गया था। इनमें से 12 हाथी चकेरी के जंगल की ओर चले गए, जबकि दो हाथी लापता हो गए थे।

लक्ष्मणगढ़ के जंगल में मिला हथिनी का शव

मंगलवार को लक्ष्मणगढ़ के कुसवामुंडा जंगल में एक मादा हथिनी का शव मिला। वन विभाग के अनुसार, हथिनी की मौत करंट लगने से हुई है। घटनास्थल के पास जीआई तार भी जब्त किए गए हैं। आशंका है कि जंगली जानवरों के शिकार के लिए इन तारों के जरिए जंगल में करंट फैलाया गया था।

दूसरे हाथी की तलाश में खोजी कुत्तों की मदद

मादा हथिनी का शव मिलने के बाद वन विभाग की टीम बुधवार को दूसरे लापता हाथी की तलाश में जुटी रही। खोजी कुत्तों के साथ वनकर्मी और ग्रामीण जंगल में खोजबीन कर रहे हैं। इस दौरान जंगल में दूसरे जानवरों के अवशेष भी मिले हैं।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। वन विभाग जीआई तार बिछाकर करंट फैलाने वालों की पहचान करने में जुटा है।

वनविभाग की टीम ने करंट फैलाने की आशंका पर सात ग्रामीणों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

40 दिन में करंट से हाथी की मौत की दूसरी घटना

उदयपुर क्षेत्र में 40 दिनों के भीतर करंट लगने से हाथी की मौत की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि दो हाथियों को करंट लगाकर मारा गया है। हालांकि, वन विभाग को फिलहाल एक मादा हथिनी का शव मिला है और दूसरे हाथी की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments