IBN24 Desk : रायपुर (छत्तीसगढ़) भिलाई के वार्ड-67, सेक्टर-7 पश्चिम, सड़क 37A इलाके में पीलिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां विशेष अभियान चलाया। टीम प्रभावित क्षेत्र में पहुंची और मरीजों की जांच कर उनके ब्लड सैंपल लिए।
इस दौरान 9 नए मरीज सामने आए हैं, जिनका इलाज शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाके में कैंप लगाया। कैंप में लोगों को बुलाकर उनके सैंपल लिए गए। साथ ही जिन मरीजों के पहले सैंपल लिए गए थे, उन्हें उनकी रिपोर्ट भी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर-7, स्ट्रीट-37ए के आसपास के 104 घरों में जाकर लोगों की जांच की। जांच के दौरान 9 नए पीलिया मरीजों की पहचान की गई। अब तक इस इलाके में कुल 24 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 1 नए मरीज को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
वर्तमान में कुल 9 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। भर्ती मरीजों में 5 मरीज शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, भिलाई में और 4 मरीज पल्स अस्पताल, भिलाई-1 में इलाज करा रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की हालत स्थिर है और उन्हें आवश्यक इलाज दिया जा रहा है।
बीएसपी प्रबंधन ने 50 साल पुरानी पाइप लाइन बदलना शुरू
टाउनशिप में पीलिया फैलने के बाद बीएसपी प्रबंधन अब पाइप लाइन बदलने की प्रक्रिया अपना रहा है। शनिवार को इसका कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार अभी क्षेत्र में जिस पाइपलाइन से पानी की सप्लाई हो रही थी, वो करीब 40 से 50 साल पुराना है। इसकी कई बार शिकायत भी हुई है।
सड़क की खुदाई कर बिछाई जाएगी नई पाइपलाइन
हालांकि अब पीलिया के मरीज मिलने के बाद बीएसपी और एचएससीएल प्रबंधन ने एहतियातन कार्य शुरू कर दिया है। नए पाइप मंगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि अब नाले के अंदर से पुराने पाइप को निकालकर बाहर से सड़क खोदकर नया नल कनेक्शन घरों में दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में लगाया कैंप
क्षेत्र में पीलिया फैलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाके में कैंप लगाया है। यहां लक्षण वाले मरीजों के ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं और उन्हें अगले दिन यहीं पर रिपोर्ट भी दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पीलिया गंदे पानी और दूषित भोजन से फैलने वाली बीमारी है।
यह वायरस के संक्रमण से होता है और शरीर में वायरस जाने के 15 से 50 दिनों के भीतर इसके लक्षण दिखाई देने लगते हैं। इसलिए लोगों को साफ पानी पीने और स्वच्छ भोजन करने की सलाह दी गई है।
डॉक्टरों के अनुसार पीलिया के मुख्य लक्षण हैं। जैसे भूख कम लगना, पेशाब का पीला होना, खाना बेस्वाद लगना, उल्टी आना, सिरदर्द, कमजोरी और थकान, पेट के दाहिने हिस्से में दर्द, तथा आंखों और त्वचा का पीला पड़ना। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।
