Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सर्विस वायर में करंट आने से एक...

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सर्विस वायर में करंट आने से एक व्यक्ति की मौत

IBN24 Desk: बालोद (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सर्विस वायर में करंट आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। नयापारा वार्ड क्रमांक-3 निवासी कृपा राम साहू (47) रोज की तरह मस्जिद पारा में मोहल्ले की साफ-सफाई कर रहे थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे वे मस्जिद के पास बने वाश एरिया में हाथ धोने के लिए गए।

लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकले। करीब दो घंटे बाद जब मोहल्ले के बच्चे खेलते हुए वहां पहुंचे तो अंदर शव पड़ा देख घबरा गए और तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। घटना बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा स्थित जमात खाना परिसर की है।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मस्जिद परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें कृपा राम साहू सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच मोहल्ले में साफ-सफाई करते नजर आया। फुटेज में दोपहर करीब 12 बजे बच्चे जमातखाने के बर्तन धुलाई स्थल (वॉश एरिया) की ओर देखकर घबराते हुए भागते भी दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने साक्ष्य के रूप में सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

सर्विस वायर में कट लगने से फैला करंट

पुलिस जांच में सामने आया कि, भवन के आसपास बिना सुरक्षा के कई बिजली तार लापरवाहीपूर्वक अस्त-व्यस्त तरीके से बिछे हुए थे। जांच के दौरान इलेक्ट्रिशियन ने पाया कि टीन शेड के ऊपर से गुजर रहा सर्विस वायर टीन से बार-बार टकराने के कारण कट गया था। जिससे पूरे लोहे के शेड में करंट फैल गया। इसी करंट की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई।

पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम, मर्ग कायम- टीआई

बालोद कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि, शुरुआती जांच में सामने आया है कि, वो मोहल्ले में साफ-सफाई का कार्य करता था और स्थानीय लोग उसे सहयोग राशि देते थे। रविवार को भी वह काम के बाद हाथ-पैर धोने वाश एरिया गया था।

जहां सर्विस वायर का करंट टीन शेड के जरिए लोहे के एंगल और खंभे में फैल गया था। इसी करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments