IBN24 Desk:रायगढ़ (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर ड्राइवर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक का पैर फैक्चर हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
गुरुवार दोपहर ग्राम बुलेकेरा का रहने वाला रामधन राठिया (20) अपने साथी नोमेश राठिया (22) के साथ बाइक से किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान पोरडी के पास लकड़ी से लदे ट्रैक्टर के ड्राइवर ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर भी पलट गया। इस हादसे में रामधन राठिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी नोमेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
आगे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
