IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं 25 से 27 अप्रैल तक मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है।
सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में शुक्रवार को हीटवेव की स्थिति बन सकती है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने का अनुमान है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हालांकि, इसके बावजूद अलग-अलग स्थानों पर लू का असर बना रह सकता है।
