IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) राजधानी रायपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। अगर आपके वाहन का ई-चालान लंबित है और आपने समय पर उसका भुगतान नहीं किया है, तो यातायात पुलिस अब गाड़ी जब्त कर सकती है। बीते दो दिनों में 135 वाहनों पर कार्रवाई की गई है।
इन वाहनों पर डेढ़ लाख रुपए से अधिक का चालान बकाया बताया जा रहा है। शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगभग सभी प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर ई-चालान जारी किया जाता है।पुलिस उपायुक्त (यातायात और प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है, जिनके ई-चालान न्यायालय में लंबित हैं या जिन्होंने अब तक चालान का भुगतान नहीं किया है।
जिनका चालान कटा, उन्हें जुर्माना पटाना जरूरी
यातायात पुलिस की टीमें अब सीधे वाहन मालिकों के घर-घर जाकर नोटिस दे रही हैं और उन्हें लंबित ई-चालान का भुगतान करने के लिए कहा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने नोटिस मिलने के बाद भी चालान जमा नहीं किया, उनके वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
अब पढ़े ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने क्या कहा
सहायक पुलिस आयुक्त गुरजीत सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन का ई-चालान स्टेटस समय-समय पर चेक करें और लंबित चालान का जल्द भुगतान करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा तथा नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
