IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 को आम जनता के लिए अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे शिविर स्थल पर कार्यालयीन समय तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद, विश्वास और समाधान का सशक्त माध्यम है। शासन की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं गांवों और शिविर स्थलों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुने और मौके पर ही निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान हितग्राही योजनाएं, बिहान समूह एवं स्वरोजगार योजनाओं सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र हितग्राही अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
