IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। शुक्रवार दोपहर रायगढ़ में अचानक तेज हवाएं चलीं और बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
रायपुर समेत कई जिलों में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक, बारिश और धूलभरी आंधी के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया। रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेंड्रारोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
50-60 किमी रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। बिजली गिरने और आंधी के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है।
