IBN24 Desk: बालोद (छत्तीसगढ़) बालोद जिले के दल्लीराजहरा में बीएसपी के एक जूनियर इंजीनियर ने अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 31 वर्षीय के. जसवंत कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम का निवासी था और 2023 से दल्लीराजहरा में बीएसपी में पदस्थ था। वर्तमान में वह राजहरा क्वारी माइंस में माइनिंग से संबंधित पद पर कार्यरत था।
दल्लीराजहरा पुलिस के अनुसार, जसवंत का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी आंध्रप्रदेश में रहती है। बताया गया है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते जसवंत आंध्रप्रदेश के एक महिला थाने में पेश होने गया था।
घटना से पहले मां और पत्नी से की बात
शनिवार को वह आंध्रप्रदेश से दल्लीराजहरा लौटा। लौटने के बाद उसने फांसी लगा ली। घटना से पहले उसने अपनी मां और पत्नी से फोन पर अंतिम बार बातचीत की थी।
आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही पुलिस
दल्लीराजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद आत्महत्या का कारण प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक का करीब डेढ़ वर्ष का एक बच्चा भी है। पुलिस अब मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, पत्नी के साथ चल रहे विवाद और आंध्रप्रदेश के महिला थाने में हुई कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
