Homeछत्तीसगढ़रायपुर के कोटा इलाके में रात के समय राहगीरों से पता पूछने...

रायपुर के कोटा इलाके में रात के समय राहगीरों से पता पूछने और लिफ्ट मांगने के बहाने मोबाइल झपटने वाले युवक को सरस्वती नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़)  रायपुर के कोटा इलाके में रात के समय राहगीरों से पता पूछने और लिफ्ट मांगने के बहाने मोबाइल झपटने वाले युवक को सरस्वती नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के नाबालिग साथी को भी पकड़ा है। दोनों के कब्जे से 5 मोबाइल बरामद हुए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 48 हजार रुपए है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोकते थे। बातचीत के दौरान मौका मिलते ही मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे। पूछताछ में दोनों ने 22 और 24 सितंबर को हुई मोबाइल झपटमारी की घटनाओं के साथ सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर भी मोबाइल झपटने की वारदात करना स्वीकार किया है।

22 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे कोटेश्वर नगर निवासी अवधेश सिंह सरस्वती नगर रेलवे फाटक के पास से जा रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें पता पूछने के बहाने रोका। बातचीत के दौरान एक युवक ने उनकी शर्ट की जेब में रखा मोबाइल झपट लिया और दोनों भाग गए।

मोबाइल की कीमत करीब 14 हजार रुपए थी। अवधेश सिंह की रिपोर्ट पर 30 सितंबर को सरस्वती नगर थाने में BNS की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

लिफ्ट मांगकर बाइक सवार को रोका

पूछताछ में आरोपियों ने 24 सितंबर की रात करीब 2 बजे हुई एक और वारदात कबूल की। दोनों ने लिफ्ट मांगने के बहाने एक बाइक सवार को रोका। मौका मिलते ही बाइक के हैंडल पर रखा मोबाइल झपटकर फरार हो गए।

इसके अलावा आरोपियों ने सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठे लोगों से भी 3 मोबाइल झपटने की बात स्वीकार की है।

सस्ते में मोबाइल बेचने ग्राहक तलाश रहे थे

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को सूचना मिली कि सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन और कोटा के आसपास दो युवक सस्ते दाम पर मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान हरेश नायक (20), निवासी मोतीलाल नगर, कोटा, रायपुर के रूप में हुई। उसके साथ मौजूद नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया।

आरोपी से 3, नाबालिग से 2 मोबाइल मिले

पुलिस ने हरेश नायक के कब्जे से 3 मोबाइल बरामद किए। इनकी कीमत करीब 32 हजार रुपए है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 2 मोबाइल जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 16 हजार रुपए है। दोनों के कब्जे से बरामद 5 मोबाइल की कुल कीमत करीब 48 हजार रुपए है।

पुलिस ने हरेश नायक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया है।

पुलिस की अपील- रात में अनजान लोगों से रहें सतर्क

पुलिस ने लोगों से रात के समय सुनसान इलाकों में पता पूछने या लिफ्ट मांगने वाले अनजान लोगों से सावधान रहने की अपील की है। मोबाइल को शर्ट की ऊपरी जेब या वाहन के हैंडल पर खुले में रखने से बचने की सलाह दी है।

पुलिस ने बिना बिल के सस्ते मोबाइल खरीदने से भी बचने को कहा है। मोबाइल झपटमारी होने पर तत्काल 112 पर सूचना देने और संचार साथी (CEIR) पोर्टल के जरिए मोबाइल ब्लॉक कराने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments