IBN24 Desk: महासमुंद (छत्तीसगढ़) महासमुंद पुलिस ने ओडिशा, मध्यप्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कार्रवाई करते हुए तस्करी के कथित नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। गुरुग्राम स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग के गोदाम से करीब 15 टन खैर लकड़ी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग ठिकानों से अब तक कुल 70 टन लकड़ी जब्त की जा चुकी है।


जांच में फर्जी बिल, कूटरचित वन विभाग की एनओसी और ट्रांजिट पास के जरिए अवैध कारोबार को वैध दिखाने का मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश से शिव ट्रेडर्स के संचालक 67 वर्षीय सतपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले ही मनीष अग्रवाल, पारितोष मिश्रा और अखिलेश सिंघल गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने मनीष अग्रवाल के ठिकाने से पहले 81 लाख रुपये और अब तस्करी से अर्जित बताई जा रही 01 करोड़ 70 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। अब पुलिस की जांच गिरोह के पूरे नेटवर्क, फर्जी लेन-देन और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर केंद्रित है। मामले में आगे भी कार्रवाई जारी है।
