Homeछत्तीसगढ़प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में...

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा प्रदेश: सांसद विजय बघेल

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश और बेमेतरा जिले में संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को संजोते हुए विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

सांसद श्री विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों से है। राज्य स्थापना के बाद छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही आधुनिक विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्योत्सव केवल राज्य स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों को स्मरण करने का अवसर भी है।

सांसद श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की समृद्धि, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और नियद नेल्लानार जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसी प्रकार कृषक उन्नति योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं तथा विकास योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

सांसद श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बेमेतरा जिले की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल और अधोसंरचना के क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से बेमेतरा जिले को मिल रही नई दिशा: विधायक श्री दीपेश साहू

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा जिले में शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं के विकास, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments