Homeछत्तीसगढ़कोरिया जिले के चरचा ईस्ट कॉलरी में पदस्थ एक माइनिंग सरदार और...

कोरिया जिले के चरचा ईस्ट कॉलरी में पदस्थ एक माइनिंग सरदार और उनकी पत्नी ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के लालच में 10 लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गए

IBN24 Desk:कोरिया (छत्तीसगढ़) कोरिया जिले के चरचा ईस्ट कॉलरी में पदस्थ एक माइनिंग सरदार और उनकी पत्नी ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के लालच में 10 लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गए।

ठगों ने दंपती को फोन किया और सोशल मीडिया के जरिए एक लिंक भेजा। इसके बाद उन्हें मुनाफे का झांसा देकर ठगी की गई। मामले में चरचा थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना चरचा थाना क्षेत्र की है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, चरचा ओल्ड स्टाफ कॉलोनी में रहने वाले माइनिंग सरदार सुमित कुमार चखियार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले उनके मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से फोन आया था।

फोन करने वालों ने अपना नाम रंजक और सरदार मनजीत सिंह बताया। उन्होंने ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया और स्पोवा.कॉम पर अकाउंट बनाकर निवेश करने के लिए कहा।

सोशल मीडिया से संपर्क कर भेजा लिंक, किश्तों में जमा कराई राशि

ठगों ने टेलीग्राम, ई-मेल और फोन के जरिए लगातार सुमित कुमार चखियार और उनकी पत्नी से संपर्क किया। आरोपियों ने उन्हें बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण तेल की कीमतें बढ़ेंगी। उन्होंने दंपती से कहा कि अगर वे 5 लाख रुपए निवेश करते हैं तो उन्हें इतनी ही रकम मुनाफे के रूप में मिलेगी।

उनकी बातों में आकर सुमित कुमार और उनकी पत्नी सुभ्रा ने 6 अप्रैल 2026 को आरटीजीएस के जरिए 5 लाख रुपए महादेव कंस्ट्रक्शन के खाते में जमा कर दिए। पैसे भेजने के बाद उनके ट्रेडिंग अकाउंट में 4,488 डॉलर दिखने लगे।

ठगों ने बताया कि ऑयल ट्रेडिंग में एक सप्ताह के भीतर 16 हजार डॉलर का मुनाफा हुआ है। इसके बाद दंपती ने ट्रेडिंग बंद कर अपनी रकम निकालने की बात कही। आरोपियों ने उन्हें और मुनाफे का लालच देकर दोबारा ट्रेडिंग कराई। इस दौरान उनसे गलत ट्रेड लगवाए गए, जिससे उनके अकाउंट में दिख रहा पूरा मुनाफा खत्म हो गया।

ट्रेडिंग में मुनाफा दिखाया, पैसे मांगने पर फोन उठाना किया बंद

सुभ्रा का ट्रेडिंग कराने वाले रंजक से विवाद हो गया। इसके बाद रंजक ने उनसे माफी मांगी। कुछ दिन बाद सरदार मंजित सिंह नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने बताया कि कंपनी ने रंजक को हटा दिया है और अब वह उनकी ट्रेडिंग कराएगा।

उसकी बातों में आकर दंपती ने फिर से 50 हजार रुपए निवेश किए। उन्हें एक सप्ताह में 70 हजार रुपए का मुनाफा होने का भरोसा दिया गया।

इसके बाद दंपती ने 10 सितंबर 2026 को 2 लाख रुपए और 11 सितंबर को 2 लाख रुपए आरटीजीएस के जरिए भेजे। इसके अलावा 1 लाख रुपए यूपीआई से भी ट्रांसफर किए। उनके ट्रेडिंग अकाउंट में कुल रकम 4488 डॉलर दिखाई गई।

इसके बाद दंपती को गोल्ड में ट्रेडिंग कराई गई। करीब एक महीने में उनके अकाउंट में 9000 डॉलर का मुनाफा दिखाया गया। जब उन्होंने अपनी रकम निकालने के लिए कहा तो सरदार मंजित सिंह ने फोन उठाना बंद कर दिया।

पुलिस ने दर्ज की FIR

मामले में दंपती ने शिकायत साइबर क्राइम के नंबर 1930 में कॉल कर की और चरचा थाने में भी शिकायत की। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 66डी, 3(5), 318(4) बीएनएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments