Homeछत्तीसगढ़सक्ती जिले के एक कारोबारी से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर...

सक्ती जिले के एक कारोबारी से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया

IBN24 Desk: सक्ती(छत्तीसगढ़) सक्ती जिले के एक कारोबारी से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में रायपुर के होटल कारोबारी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोप है कि आरोपी ने बड़े अधिकारियों से पहचान और पहुंच होने का दावा करते हुए कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था। रकम लेने के दौरान उसने गारंटी के तौर पर बैंक के दो चेक भी दिए थे। बाद में इनमें से एक चेक से जुड़े खाते के कई साल पहले ही बंद होने की जानकारी मिली।

पुलिस के अनुसार, सक्ती के वार्ड नंबर 6 गुरुद्वारा वार्ड निवासी किशन शर्मा ट्रांसपोर्टिंग और कोयले का कारोबार करते हैं। उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया कि मार्च 2022 में दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन ने उनसे संपर्क किया था।

उसने बड़े अधिकारियों से अपनी पहचान और पहुंच होने का हवाला देते हुए कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया। उसके आश्वासन पर किशन शर्मा ने चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।

गारंटी के लिए दिया 4 लाख का चेक, खाता मिला बंद

शिकायत के मुताबिक, रकम लेते समय आरोपी ने गारंटी के तौर पर एचडीएफसी बैंक का 4 लाख रुपये का चेक क्रमांक 009268 और एक ब्लैंक चेक क्रमांक 000013 दिया था।

बाद में जब किशन शर्मा ने बैंक से चेक और खाते के संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि आरोपी का संबंधित बैंक खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था। इसके बाद उन्होंने खुद को ठगी का शिकार बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments