IBN24 Desk: सूरजपुर (छत्तीसगढ़) सूरजपुर जिले के ग्राम साल्ही (आमगांव) में खेत की ओर जा रहे एक ग्रामीण पर दो भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना में तिवारी सिंह (56) गंभीर रूप से घायल हो गए। भालुओं के हमले से उनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं।
उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में खेतों और जंगल की ओर जाने को लेकर डर बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम साल्ही (आमगांव) निवासी तिवारी सिंह खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद दो भालुओं ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। भालुओं के हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
जंगल से लगे गांवों में वन्यजीवों की मौजूदगी से चिंता
सूरजपुर जिले के कई ग्रामीण इलाके जंगलों से लगे हुए हैं। ऐसे में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए खेतों और जंगल के आसपास जाना पड़ता है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर सुबह और शाम खेतों की ओर जाने वाले लोगों में डर का माहौल है।
वन विभाग से निगरानी और जागरूकता बढ़ाने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल और खेतों की ओर जाने वाले लोगों को वन्यजीवों से बचाव के तरीके बताए जाने चाहिए। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने और सुरक्षा संबंधी जरूरी कदम उठाने की मांग भी की गई है।
