Homeछत्तीसगढ़मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को दी 27.53 करोड़...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को दी 27.53 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, विद्युत और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य तथा ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने विधायक श्री अनुज शर्मा के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आज धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में 27 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी, ग्रामीण सड़कों का विस्तार होगा तथा बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। हमारा प्रयास है कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य लेकर कार्य प्रारंभ किया था। सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया। गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के साथ ही किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। बस्तर के जिन दूरस्थ क्षेत्रों में कभी विकास कार्यों को पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, वहां अब सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर गांव और हर अंचल तक विकास पहुंचे तथा सभी नागरिकों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विधायक श्री अनुज शर्मा के नेतृत्व में प्रारंभ की गई सेवा संवाद यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना बहुत महत्वपूर्ण है। ग्राम चरौदा से शुरू हुई यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा संवाद यात्रा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments