Homeछत्तीसगढ़मुख्यमंत्री विष्णु देव साय धनोरा में आयोजित भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय धनोरा में आयोजित भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में हुए शामिल

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित ‘राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव’ में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जीवन न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। उनके आदर्श हमें समाज की सेवा और जनहित के कार्यों के लिए सदैव प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की उन्नति में ही प्रदेश की समृद्धि निहित है और राज्य सरकार इसी भावना के साथ सभी वर्गों के कल्याण तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने महोत्सव में उपस्थित समाजजनों को भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कलार समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक लगभग एक हजार वर्षों तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का वैभवशाली शासन रहा। इस गौरवशाली विरासत को संजोते हुए कलार समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यापार, व्यवसाय और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने समाज की एकजुटता, परिश्रम और सामाजिक समरसता की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा करने की दिशा में सरकार गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ हो चुका है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। इसी प्रकार तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ की गई है। प्रदेश के 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments