Homeछत्तीसगढ़मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से खड़ा करना...

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से खड़ा करना होगा जनआंदोलन : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। इनका उन्मूलन केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लेकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा अत्यंत संवेदनशील विषय हैं, जिनका सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और उनके भविष्य से है। इन विषयों पर विचार-विमर्श के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के अनुभवी प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना सराहनीय पहल है। उन्होंने राज्य महिला आयोग के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि कार्यशाला में सामने आए विचार और सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी सिद्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’, अर्थात जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल शासन का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मानव तस्करी की रोकथाम के लिए जागरूकता और सतर्कता आवश्यक

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के अनेक मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने जनसेवा के अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे पिछले 30-35 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्षों तक सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान मानव तस्करी के अनेक मामले उनके सामने आए। ऐसे मामलों में आवश्यक पहल कर कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति देशभर में जागरूकता बढ़ाई है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments