Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए चलेगा ‘मिशन उल्लास 100’ अभियान

छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए चलेगा ‘मिशन उल्लास 100’ अभियान

30 नवंबर से शुरू होगा घर-घर सघन सर्वेक्षण, शेष असाक्षरों का होगा चिन्हांकन

साक्षरता अभियान में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों की होगी सक्रिय भागीदारी

रायपुर, 27 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ को वर्ष 2026-27 में पूर्ण साक्षर राज्य बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मिशन उल्लास 100’ का संचालन किया जाएगा। इस संबंध में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टरों एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्षों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

संचालक एवं सदस्य राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी प्रदेश में विभिन्न चरणों में आयोजित महापरीक्षा अभियान में सामुदायिक सहभागिता से उल्लेखनीय सफलता मिली है। इसके परिणामस्वरूप जिलों में अब अत्यंत सीमित संख्या में असाक्षर शेष हैं। आगामी वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली साक्षरता महापरीक्षा को ध्यान में रखते हुए 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के सभी असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने के लिए विशेष रणनीति के तहत अभियान संचालित किया जाएगा।
30 नवंबर से 15 दिसंबर तक घर-घर होगा सघन सर्वेक्षण

अभियान के तहत 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रत्येक ग्राम एवं वार्ड में घर-घर सघन सर्वेक्षण कर असाक्षरों का चिन्हांकन किया जाएगा। जिसमें मतदाता सूची, राशन कार्ड, वीबी जी राम जी मस्टर रोल, पिछली परीक्षा में अनुपस्थित- अनुत्तीर्ण रहे शिक्षार्थी की सूची तैयार करते हुए सर्वे किया जाएगा । इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कर्मी सहयोग करेंगे। ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों, पलायन करने वाले परिवारों, दूरस्थ पारा-टोलों, जेलों एवं नक्सली पुनर्वास केंद्रों में भी सर्वेक्षण किया जाएगा।

प्रत्येक शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालयों में उल्लास कार्यक्रम

चिन्हांकित असाक्षरों की जानकारी मोबाइल एप में दर्ज की जाएगी। चिन्हांकित असाक्षरों के लिए सुविधानुसार 5 से 6 शिक्षार्थियों की साक्षरता कक्षाएं संचालित की जाएंगी। विद्यार्थियों, एनसीसी, स्काउट के विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व महापरीक्षा में उत्तीर्ण नवसाक्षरों का भी सहयोग लिया जाएगा। नवसाक्षर अपने आसपास के असाक्षर व्यक्तियों से संवाद कर उन्हें पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करेंगे। उल्लास केंद्रों में 200 घंटे का निर्धारित पाठ्यक्रम पूर्ण कराया। अभियान के व्यापक जागरूकता के लिए गांवों एवं मोहल्लों में उल्लास के नारों का दीवार लेखन कराया जाएगा। प्रत्येक शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालयों में उल्लास कार्यक्रम पर आधारित नाटक, सांस्कृतिक गतिविधियां एवं प्रभात फेरियां आयोजित की जाएंगी।

मिशन उल्लास 100 के लिए समय-सारणी निर्धारित

30 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक घर-घर सर्वेक्षण एवं असाक्षरों का चिन्हांकन किया जाएगा। 15 से 25 दिसंबर 2026 तक छूटे हुए परिवारों का सत्यापन, ग्रामसभा में सूची का सार्वजनिक वाचन एवं घोषणा पत्र तैयार करना। 25 से 31 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक ग्राम एवं वार्ड के 5 से 10 प्रतिशत घरों का रैंडम भौतिक सत्यापन किया जाएगा। 31 दिसंबर 2026 से महापरीक्षा तक उल्लास केंद्रों में नियमित साक्षरता कक्षाओं का संचालन एवं महापरीक्षा की तैयारी।

असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए कलेक्टरों को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सर्वेक्षण, साक्षरता कक्षाओं के संचालन एवं महापरीक्षा की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर निर्धारित प्रारूप में सर्वेक्षण संबंधी प्रमाण पत्र भी तैयार किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में शेष असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए जनभागीदारी के माध्यम से पूर्ण साक्षर छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments