Homeछत्तीसगढ़भिलाई नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी ने...

भिलाई नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी ने बड़ा आंदोलन करने का फैसला लिया

IBN24 Desk: भिलाई (छत्तीसगढ़)  भिलाई नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी ने बड़ा आंदोलन करने का फैसला लिया है। जिला भाजपा कार्यालय भिलाई में हुई बैठक में पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने 4 मई को निगम घेराव का ऐलान किया।

समिति में श्याम सुंदर राव को संयोजक बनाया गया है, जबकि महेश वर्मा, भोजराज सिन्हा, दया सिंह, पीयूष मिश्रा और वीणा चंद्राकर सदस्य हैं। सभी ने मिलकर आंदोलन को सफल बनाने की बात कही है। इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती मौजूद रहे।

उनके सामने भाजपा की 6 सदस्यीय जांच समिति ने निगम में हो रही आर्थिक गड़बड़ियों पर अपनी रिपोर्ट रखी। समिति ने कई मामलों को लेकर सवाल उठाए। इनमें शिक्षा उपकर की राशि, 1248 भूखंडों की नीलामी से मिले पैसे का इस्तेमाल, संजय नगर तालाब के पास की जमीन की नीलामी और निगम के फैसलों के खिलाफ जाकर किए गए काम शामिल हैं।

इस बैठक में भाजपा पार्षदों ने महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त पर सीधा आरोप लगाया। उनका कहना था कि, दोनों की मिलीभगत से निगम में आर्थिक गड़बड़ियां बढ़ रही हैं। जनता के कामों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पार्षदों ने कहा कि, कई बार शिकायत के बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ है।

अधिकारियों की मनमानी पर होगा प्रदर्शन

जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने भी इस पर सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, पार्षदों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने साफ कहा कि अब अधिकारियों की मनमानी नहीं चलेगी और भाजपा इसके खिलाफ खुलकर आवाज उठाएगी।

गर्मी में पानी की दिक्कत पर निगम का ध्यान नहीं

प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती ने कहा कि, भाजपा अब सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे पर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है। गर्मी के समय शहर में पानी की दिक्कत, सफाई की खराब व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी से लोग परेशान हैं, लेकिन निगम इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहा।

इस बैठक में यह भी तय किया गया कि 4 मई को नगर निगम का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन की अगुवाई भाजपा की 6 सदस्यीय समिति करेगी। बैठक के बाद कार्यकर्ता और पार्षद आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments