Homeछत्तीसगढ़रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा...

रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर हमला बोला

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जंतर मंतर में हो रहे छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की गई।

कांग्रेस सुनियोजित तरीके से ऐसा माहौल बनाना चाहती है, जैसा हाल के समय में नेपाल और बांग्लादेश में देखने को मिला, लेकिन भारत में उसके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की परंपरा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता वाला देश है, जहां जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

किरण सिंह देव ने कहा कि, सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस छात्रों के आंदोलन को अपने राजनीतिक एजेंडे का माध्यम बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।

किरण देव ने कहा कि, भाजपा छात्रों के मुद्दे पर सदन के भीतर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि, कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन में घुसपैठ कर उसका स्वरूप बदल दिया और लोकतांत्रिक विरोध की जगह राजनीतिक भाषणबाजी की।

किरण देव ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं, बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करती रही है।

‘प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना गैर-जिम्मेदाराना’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, प्रधानमंत्री के आवास के बाहर बिना अनुमति धरना देना सुरक्षा मानकों के खिलाफ है। कांग्रेस ने संसद के भीतर चर्चा करने के बजाय संवेदनशील क्षेत्र में प्रदर्शन कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए किरण देव ने कहा कि वे हाथ में संविधान की छोटी-सी किताब लेकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं कि संविधान खतरे में है। लेकिन वास्तव में संविधान को कमजोर करने का काम कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किया था।

कांग्रेस के 12 नेताओं पर FIR दर्ज

बुधवार को कांग्रेस कार्यालय घेराव के बाद कांग्रेस नेताओं पर FIR को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से पत्थरबाजी की गई, जबकि भाजपा की ओर से एक भी पत्थर नहीं फेंका गया। कांग्रेस ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और भाजपा कार्यकर्ताओं को उकसाने का प्रयास किया।

छात्रों के नुकसान की भरपाई होगी

किरण देव ने कहा कि, सरकार छात्रों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। पेपर लीक जैसे मामलों में केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई की, जांच कराई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। छात्रों को किसी तरह का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और उसकी भरपाई की जाएगी।

आपातकाल संविधान पर सबसे बड़ा हमला था

संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए किरण देव ने कहा कि, संविधान बचाने की बात करने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास को देखना चाहिए। देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र और संविधान पर सबसे बड़ा हमला कांग्रेस ने ही किया था।

विपक्ष के भीतर भी मतभेद

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि सरकार इस विषय पर संसद में विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस चर्चा से भाग रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे पर सदन में खुली चर्चा कराने का फैसला लिया है, ताकि सभी पक्ष अपनी बात रख सकें और सरकार भी अपनी कार्ययोजना बता सके।

इसके बावजूद कांग्रेस बार-बार संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समेत सरकार के सभी प्रतिनिधियों ने विपक्ष से कई बार चर्चा में शामिल होने की अपील की, लेकिन कांग्रेस तैयार नहीं हुई।

किरण देव ने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष के भीतर भी मतभेद हैं। कांग्रेस जहां चर्चा नहीं चाहती, वहीं उसके सहयोगी दल समाजवादी पार्टी के नेता सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि वे इस विषय पर संसद में चर्चा चाहते हैं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments