IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। आदेश के अनुसार 22 IAS अधिकारियों और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना की गई है। इस फेरबदल में 6 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं।
सबसे बड़ा बदलाव नगरीय प्रशासन विभाग में हुआ है। 1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
इस फेरबदल के बाद अब प्रदेश में 33 जिलों में से 12 जिलों की कमान महिला आईएएस अधिकारियों के हाथ में है। सक्ती, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी समेत कई जिलों में महिला अधिकारियों को कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है।
3 महीने में संस्कृति और पर्यटन दोनों विभागों से बाहर
विवेक आचार्य (IFS), जो वर्तमान में प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल के पद पर थे, उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके मूल विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं। इस तरह विवेक आचार्य 3 महीने में संस्कृति और पर्यटन दोनों विभागों की जिम्मेदारी से बाहर हो गए हैं।
आर. शंगीता को नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव पद से हटाया गया
आर. शंगीता को नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव पद से हटाकर सचिव, मंत्रालय बनाया गया है। वहीं, गरियाबंद के कलेक्टर भगवान सिंह उइके को सामान्य प्रशासन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। कबीरधाम के कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
