IBN24 Desk: बस्तर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सरकारी तेंदूपत्ता गोदाम में आग लग गई। बुधवार को सरगीपाल स्थित गोदाम में लगी आग से करीब 1 हजार बोरा तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वन अमले और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। फिलहाल, नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
इससे पहले सोमवार को बीजापुर के निजी तेंदूपत्ता गोदाम में आग लगी थी। इस घटना में लगभग 18 हजार बोरे जलकर खाक हो गए थे। अनुमान के मुताबिक 10 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने कार्रवाई करते हुए DFO रमेश जांगड़े को हटा दिया है। उनकी जगह सागर जाधव को जिम्मेदारी दी गई है।
सुकमा का था स्टॉक, शॉर्ट सर्किट की आशंका
जानकारी के मुताबिक सरगीपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में बुधवार शाम अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता रखा हुआ था।
आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक करीब 1 हजार बोरा तेंदूपत्ता जलकर खाक हो चुका था।
गोदाम में रखा तेंदूपत्ता सुकमा जिले का सालभर पुराना स्टॉक था, जिसे यहां सुरक्षित रखा गया था। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग मामले की जांच में जुट गया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
