IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) जनजातीय अंचलों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जनभागीदारी अभियान “सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विकासखण्डों में क्लस्टर स्तरीय शिविर, ग्राम संपर्क कार्यक्रम, पद यात्राएं एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।
जनजातीय गरिमा उत्सव अभियान से दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रहीं शासकीय सेवाएं
पीएम-जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत चयनित ग्रामों तथा आदि सेवा केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों, आदि कर्मयोगियों और गैर शासकीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने गांवों में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम भ्रमण के दौरान गांवों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करते हुए लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जनसुनवाई और शिकायत निवारण संबंधी जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।
