Homeछत्तीसगढ़राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम पर दिखे एक विज्ञापन के जरिए क्रेडिट कार्ड...

राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम पर दिखे एक विज्ञापन के जरिए क्रेडिट कार्ड से पैसे खाते में ट्रांसफर कराने का झांसा देकर ठगी की गई

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम पर दिखे एक विज्ञापन के जरिए क्रेडिट कार्ड से पैसे खाते में ट्रांसफर कराने का झांसा देकर ठगी की गई है। ठगों ने पहले पीड़ित से 50 हजार रुपए जमा करवाए।

इसके बाद रकम वापस करने का लालच देकर 20 हजार रुपए और ट्रांसफर करा लिए। इस तरह कुल 70 हजार रुपए से ज्यादा की ठगी के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित की पहचान डूंडा निवासी अनिल कुल्हाड़िया (42) के रूप में हुई है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।

क्रेडिट कार्ड से रकम ट्रांसफर कराने का दिया झांसा

मुजगहन पुलिस के अनुसार, डूंडा निवासी अनिल कुल्हाड़िया (42) ने थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर fit_sush_model नाम के अकाउंट से एक विज्ञापन दिखाई दिया।

इसमें क्रेडिट कार्ड से सीधे बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने का दावा किया गया था। विज्ञापन पर भरोसा कर अनिल ने clickpayz.in के जरिए 50 हजार रुपए जमा कर दिए। इसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर 24 घंटे के भीतर पूरी रकम वापस करने का भरोसा दिलाया।

कुछ समय बाद आरोपियों ने तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए कहा कि पूरी राशि एक साथ ट्रांसफर नहीं हो सकती। इसके बाद आंशिक भुगतान की प्रक्रिया के नाम पर उनसे 20 हजार 500 रुपए और जमा करा लिए गए।

साइबर हेल्पलाइन और पुलिस में शिकायत

काफी समय बीतने के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली तो अनिल को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मुजगहन थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर, आसान लोन या क्रेडिट कार्ड से कैश ट्रांसफर जैसे विज्ञापनों के झांसे में न आएं।

ऑनलाइन किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले वेबसाइट और संबंधित संस्था की पूरी जांच जरूर करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments