IBN24 Desk: सरगुजा (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार के साथ मारपीट के मामले में बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि वे खुद गिरफ्तारी देंगे। शुक्रवार को वे अपनी गिरफ्तारी देने अंबिकापुर आईजी कार्यालय आ रहे थे। लेकिन बतौली में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया।
अब विधायक ने यह नहीं बताया है कि वे गिरफ्तारी कब देंगे। वहीं, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा है कि विधायक ड्रामेबाजी कर रहे हैं।नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में शुक्रवार को प्रदेश में 500 से ज्यादा तहसीलदार सहित अन्य राजस्व कर्मी हड़ताल पर रहे। विधायक और समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कनिष्ठ राजस्व अधिकारी संघ ने सरगुजा आईजी को ज्ञापन भी सौंपा है। गिरफ्तारी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।
विधायक रास्ते से लौटे, नहीं बताया कब देंगे गिरफ्तारी शुक्रवार को विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि वे सरगुजा आईजी के समक्ष गिरफ्तारी देंगे। यह सुशासन की सरकार है, जहां उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में भी कोई परेशानी नहीं हुई, इसलिए अब वे खुद गिरफ्तारी भी देंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ऐसा नहीं होता था। विधायक ने कहा कि राजस्व अधिकारियों को हड़ताल करने की जरूरत नहीं है।
विधायक अपने काफिले के साथ अंबिकापुर के लिए रवाना हुए, जहां मंगारी में उन्हें समर्थकों ने रोक लिया तो वे वापस सीतापुर लौट गए। विधायक देर रात तक रेस्ट हाउस में समर्थकों के साथ बैठे रहे।
विधायक ने कहा कि उन्हें समर्थकों ने रोक लिया, इस कारण वे वापस लौट आए हैं। विधायक ने फिर दुहराया कि वे अपनी गिरफ्तारी खुद देंगे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कब देंगे।
