IBN24 Desk: मैनपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ कोटवार संघ मैनपुर द्वारा शुक्रवार को गौरघाट तहसील ऑफिस के सामने में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं रैली निकाल कर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार मैनपुर (गौरघाट )को ज्ञापन सौंपकर कोटवारों की वर्षों से लंबित विभिन्न मांँगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के कोटवार लंबे समय से अपनी ज्वलंत एवं मानवीय समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं और संघ के माध्यम से लगातार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते आ रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांँगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे प्रदेश के हजारों कोटवार एवं उनके परिवार आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।कोटवार संघ के अध्यक्ष लोखेश्वर जगत ने बताया कि कोटवार अंग्रेजों के शासनकाल से पीढ़ी-दर-पीढ़ी शासन प्रशासन और आम जनता की सेवा करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा प्राप्त नहीं हो सका है। वर्तमान में मिलने वाला पारिश्रमिक महंगाई के अनुरूप अत्यंत कम है।
संघ ने मांग किया है,कि कोटवारों का राजस्व विभाग में संविलियन कर उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा दिया जाए तथा सेवा भूमि के आधार पर निर्धारित वर्तमान मानदेय में वृद्धि करते हुए ए श्रेणी के कोटवारों को 15 हजार, बी श्रेणी को 12 हजार, सी श्रेणी को 10 हजार तथा डी श्रेणी को 8 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान किया जाए।संघ के अध्यक्ष लोखेश्वर जगत ने यह भी मांग उठाई कि कोटवारों की नियुक्ति में सेवानिवृत्त अथवा दिवंगत कोटवार के परिवार के पात्र सदस्यों को प्राथमिकता देने के नियम का कड़ाई से पालन कराया जाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर गैर-वंशजों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे प्रभावित परिवारों को न्यायालयों का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसे मामलों की जांँच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की गई।शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कई स्थानों पर कोटवारों से उनके मूल दायित्वों के अतिरिक्त अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। इसे बंद करते हुए बेगारी पर रोक लगाने तथा बिना विधिवत जांँच और पक्ष सुने किसी भी कोटवार के विरुद्ध निलंबन अथवा पदमुक्ति जैसी कार्यवाही नहीं करने की मांँग की गई। इसके अलावा नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगे प्रतिबंध को हटाने का भी अनुरोध किया गया।संघ ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार कोटवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांँगों पर सकारात्मक निर्णय करेगी, जिससे वर्षों से सेवा दे रहे कोटवारों को सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और सामाजिक सुरक्षा प्राप्त हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से कोटवार संघ अध्यक्ष लोखेश्वर जगत, बसंत जगत,लखन लाल सोनवानी,कुंवर सिंह प्रधान घनश्याम नेताम, झुरू राम नेताम,जगदीश जगत, भूषण डोंगरे,उमेश नागेश,बजरंग देववंशी, गिरधारी लाल नागेश,कुंती बाई,शिवकुमार सोनवानी, सुरेश कुमार देववंशी सहित अन्य कोटवार उपस्थित रहे।
