IBN24 Desk : सूरजपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 62 साल की महिला के अपहरण की साजिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड महिला का ही पुराना ड्राइवर निकला। दरअसल महिला के पति एसईसीएल में कर्मचारी थे और रिटायरमेंट के बाद उन्हें अच्छी-खासी रकम मिली थी। इसी बात की जानकारी ड्राइवर को पहले से थी। रिटायरमेंट के पैसों के लालच में आकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला को अगवा करने और 22 लाख रुपए की फिरौती मांगने की साजिश रच डाली। फिलहाल पुलिस ने अगवा महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया है और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। मामला सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक घटना 29 अप्रैल 2026 की है। ग्राम सरनापारा में रहने वाले पैत्रुस कुजूर ने 30 अप्रैल को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 अप्रैल की सुबह वह अपने ड्राइवर के साथ अपनी एक्सीडेंट हुई गाड़ी ठीक कराने अंबिकापुर गया था। उस समय उसकी पत्नी ललिता कुजूर घर पर अकेली थी।
दोपहर करीब 1 बजे उसकी पत्नी ने कॉल कर पूछा कि वह घर कब आएंगे, तो उसने बताया कि वह अंबिकापुर से निकल रहा है। इसके बाद जब वह दोपहर करीब 3:30 बजे अपने ड्राइवर के साथ घर पहुंचा, तो उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। घर का सामान फैला हुआ था और कुछ स्थानों पर खून भी गिरा था।
उसने आसपास और परिचितों के घर पत्नी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। तभी करीब 3:50 बजे पत्नी के मोबाइल से उसे कॉल आया। कॉल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि अगर अपनी पत्नी को वापस चाहते हो तो 22 लाख रुपए दो, नहीं तो वह तुम्हें नहीं मिलेगी। इसके बाद ललिता कुजूर का फोन बंद हो गया।
